दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम गोपालपुर स्थित महामृत्युंजय मंदिर के पीछे जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 47 हजार 220 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं।
थाना प्रभारी भेड़ाघाट कमलेश चौरिया ने बताया कि 17 नवंबर 2026 की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गोपालपुर में महामृत्युंजय मंदिर के पीछे कुछ लोग रोशनी के उजाले में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल जैन (45), निवासी कमानिया गेट के पास बड़ा फुहारा, वीर जैन (42), निवासी बड़ा फुहारा, नितिन जैन (40), निवासी सराफा बाजार, रितिक जैन (45), निवासी बड़ा फुहारा, नितिन कुमार पांडे (37), निवासी गुप्तेश्वर मंदिर गोरखपुर, मनीष खेमानी (44), निवासी भंडारी अस्पताल के पास ओमती और विजय नगवानी (38), निवासी नेपियर टाउन ओमती के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 1,47,220 रुपए नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। सभी सात आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
jabalpur
