Jabalpur News: पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की साजिश नाकाम, मदनमहल पहाड़ी पर योजना बना रहे चार बदमाश गिरफ्तार; पूछताछ में खुली हत्या के प्रयास और लूट की 10 वारदातों की परतें, 5 लाख का मशरूका जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शारदा चौक स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की योजना बना रहे चार बदमाशों को गढ़ा थाना पुलिस ने मदनमहल पहाड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी हथियारों के साथ वारदात की रणनीति बना रहे थे, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि विवादित बालक भी शामिल है। पूछताछ में संजीवनी नगर, मदनमहल, गढ़ा, रांझी और पनागर थाना क्षेत्रों की लूट, झपटमारी, चाकूबाजी और हत्या के प्रयास सहित करीब 10 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर स्कूटी, पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल सहित करीब 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल साहू, आयुष कोल, समीर खान उर्फ पाटन और एक विधि विवादित बालक के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपियों में गुड्डू विश्वकर्मा उर्फ प्रिंस उर्फ रायडर और कृष्णा यादव शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू, हथौड़ी, छेनी, पिचिस और लोहे की टॉमी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छह युवक मदनमहल पहाड़ी पर दरगाह के पास पत्थर की आड़ में बैठकर पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना पर गढ़ा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी पल्लवी शुक्ला, सीएसपी आशीष जैन और थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। 

Post a Comment

Previous Post Next Post