दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी मनोज उर्फ भुर्रू पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भेड़ाघाट थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपी को कटनी रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसके खिलाफ जारी वारंट की तामील की गई।
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई 2025 को 12 वर्ष 3 माह की बालिका ने ग्राम सहजपुर निवासी मनोज पटेल के खिलाफ जबरदस्ती गलत काम करने की शिकायत दर्ज कराई थी। बालिका की रिपोर्ट पर भेड़ाघाट थाने में अपराध क्रमांक 283/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट सहित एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना के बाद से ही आरोपी मनोज उर्फ भुर्रू पटेल फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार अपना पता बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित कर न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया था और आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट भी प्राप्त किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कटनी और पन्ना जिले के आसपास होने की सूचना मिली। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के निर्देश पर भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने विशेष टीम गठित की। उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास के नेतृत्व में भेड़ाघाट थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज उर्फ भुर्रू पटेल को कटनी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
Tags
jabalpur
