दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले की मझौली थाना पुलिस ने 30 करोड़ रुपए का लोन दिलाने का झांसा देकर 54 लाख 40 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी सचिन पिल्लई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को जबलपुर के सदर कैंट क्षेत्र से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी बृजेश तिवारी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, मझौली निवासी 47 वर्षीय नरेंद्र सिंह परिहार 'साईं शक्ति महिला डेवलपमेंट सोसायटी' के डायरेक्टर हैं। उन्हें अपनी संस्था के लिए बड़ी रकम की आवश्यकता थी। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी बृजेश तिवारी और सचिन पिल्लई ने उन्हें मुंबई के गोरेगांव स्थित 'ए.टी. फिनवेस्ट प्राइवेट लिमिटेड' के माध्यम से कम ब्याज दर पर 30 करोड़ रुपए का लोन दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोपियों ने लोन स्वीकृत कराने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस और स्टाम्प ड्यूटी का हवाला देते हुए फरियादी से अलग-अलग किस्तों में कुल 54 लाख 40 हजार रुपए ले लिए। रकम हासिल करने के बाद न तो आरोपियों ने लोन दिलाया और न ही फरियादी की रकम वापस की। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर मझौली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपी बृजेश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सचिन पिल्लई लगातार फरार चल रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तलाश के दौरान फरार आरोपी सचिन पिल्लई को जबलपुर के सदर कैंट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
Tags
jabalpur
