दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में विकास कार्यों की कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कटनी से विजयसोता और बरगवां होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही ब्यौहारी में सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने और संजय गांधी टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से नया पर्यटन प्रवेश द्वार विकसित करने का ऐलान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के कुल 357.71 करोड़ रुपए की लागत वाले 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 8.64 करोड़ रुपए के 10 कार्यों का लोकार्पण तथा 349.07 करोड़ रुपए के 72 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
भाषण के दौरान कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर नारेबाजी शुरू कर दी। इससे कार्यक्रम में कुछ देर के लिए व्यवधान उत्पन्न हुआ। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ब्यौहारी थाने पहुंचाया। वहीं, ज्ञापन सौंपने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भूसा तिराहे पर रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प एवं धक्का-मुक्की भी हुई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
विरोध प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों की तरह वंशवाद की राजनीति करती है। देश और प्रदेश में हो रहे विकास कार्य कांग्रेस को हजम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास और जनजातीय समाज के उत्थान को सुनिश्चित करना है।
46 करोड़ की लागत से बनेंगी तीन सड़कें
मुख्यमंत्री ने कटनी से विजयसोता-बरगवां होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण की घोषणा के साथ क्षेत्र की अन्य सड़कों के निर्माण का भी ऐलान किया। सरसी मुख्य मार्ग से खड़ेह मंदिर तक 18 करोड़ रुपए, जामुनी से खड़ेह मंदिर तक 13 करोड़ रुपए और दुआरी से गांधिया तक 15 करोड़ रुपए की लागत से सड़कें बनाई जाएंगी। इन तीनों परियोजनाओं पर कुल 46 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा मऊ से चरखारी मार्ग का निर्माण भी कराया जाएगा।
डिजिटल लाइब्रेरी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
ब्यौहारी में डिजिटल लाइब्रेरी बनने से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं, संजय गांधी टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से पर्यटन प्रवेश द्वार विकसित होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
जंगली हाथियों से बचाव के लिए भेजी जाएगी विशेषज्ञ टीम
मुख्यमंत्री ने जिले में जंगली हाथियों से फसलों और मकानों को हो रहे नुकसान पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हाथियों से बचाव के लिए ट्रेंच खोदने सहित अन्य सुरक्षात्मक उपाय अपनाए जाएंगे। इसके लिए भोपाल से विशेषज्ञों की टीम भेजी जाएगी, जो स्थानीय लोगों को हाथियों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण भी देगी।
रोड शो में हुआ स्वागत
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने ब्यौहारी में जनपद पंचायत कार्यालय से स्टेडियम तक रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए।
Tags
madhya pradesh
