MP News: जबलपुर से सिंगरौली लौट रहे युवकों की कार मैहर में टैंकर में घुसी, 100 मीटर तक घिसटी; आग लगने से कार जलकर खाक, तीनों गंभीर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मैहर। जबलपुर घूमने के बाद अपने घर सिंगरौली लौट रहे तीन युवकों की कार मैहर में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे-30 पर रविवार रात तेज रफ्तार वरना कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार टैंकर के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसे में कार सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे सिमरन सरोवर होटल के पास की है। जानकारी के मुताबिक, कार क्रमांक MP66 ZC 4783 में सवार तीन युवक जबलपुर से घूमकर अपने घर बैढ़न, जिला सिंगरौली लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार टैंकर के साथ काफी दूर तक घिसटती रही। टैंकर चालक ने कार को पीछे फंसा देखकर वाहन रोक दिया। इसी दौरान कार में आग लग गई।

कार में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, तीनों युवक किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहे। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भी की मदद

हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा भी अपने साथियों के साथ रुक गए। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। जली हुई कार को सड़क से हटवाने के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई।

तीनों घायल निजी अस्पताल में भर्ती

हादसे में घायल युवकों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30), पिता रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40), पिता हनुमान प्रसाद पांडेय और शिवेंद्र पांडेय (32), पिता सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है। तीनों बैढ़न, जिला सिंगरौली के निवासी हैं।

कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के मुताबिक, तीनों घायलों को मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post