दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर भोपाल में बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी राजधानी में एक लाख लोगों की मौजूदगी में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी। इस कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की भी प्रारंभिक सूचना है, हालांकि उनके दौरे को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पहले कांग्रेस ने 25 और 26 नवंबर को दिल्ली में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई थी। इसमें मध्यप्रदेश से एक लाख कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन अब कार्यक्रम में बदलाव करते हुए दिल्ली के बजाय सभी राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकालने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत मध्यप्रदेश का आयोजन भोपाल में होगा।
दिल्ली चलो कार्यक्रम स्थगित, AICC ने जारी किए नए निर्देश
कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान शुरू किया है। इसके तहत दिल्ली में 25 और 26 नवंबर को कार्यक्रम प्रस्तावित था। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भी विधानसभा क्षेत्रवार कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजने की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कम से कम दो बसें भेजने का लक्ष्य रखा गया था और भोपाल में कंट्रोल रूम भी बनाया गया था।
हालांकि, 15 नवंबर को AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके अनुसार दिल्ली चलो कार्यक्रम आगामी तारीख तक स्थगित कर दिया गया है। अब 26 नवंबर को सभी राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा।
आंबेडकर प्रतिमा से शुरू होगा मार्च
AICC के निर्देशानुसार संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रमुख प्रतिमा से होगी। यहां संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे और संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे। इसके बाद मार्च शहर के किसी अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक निकाला जाएगा।
इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों और पार्टी के विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बूथ स्तर पर चलेगा वोट रक्षक अभियान
संविधान रक्षा मार्च के साथ कांग्रेस ने बूथ स्तर पर 'वोट रक्षक अभियान' चलाने का फैसला किया है। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। इनकी जिम्मेदारी मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करना होगी।
22 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में वोट रक्षक संबंधित मतदाताओं से संपर्क करेंगे और नाम हटाए जाने से जुड़े तथ्यों की जांच कर प्रतिदिन पोर्टल पर जानकारी अपलोड करेंगे। मंडल अध्यक्ष रोजाना अभियान की निगरानी करेंगे और निष्क्रिय वोट रक्षकों को बदलने के निर्देश भी दिए गए हैं।
15 दिसंबर तक गांवों में लगेंगी चौपाल
मतदाता सूची के सत्यापन से सामने आने वाले निष्कर्षों के आधार पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में 'वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल' आयोजित की जाएंगी। इन चौपालों में मतदाता सूची से नाम हटाए गए लोगों, बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।
कांग्रेस ने इन बैठकों को सामान्य चारपाई बैठक के प्रारूप में आयोजित करने की योजना बनाई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित चौपालों में शामिल होंगे।
हर दिन AICC को भेजी जाएगी रिपोर्ट
अभियान की निगरानी के लिए रिपोर्टिंग व्यवस्था भी तय की गई है। मंडल अध्यक्ष प्रतिदिन शाम को ब्लॉक अध्यक्ष और जिला कांग्रेस कमेटी को रिपोर्ट देंगे। जिला कांग्रेस कमेटियां सभी जानकारियां एकत्रित कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजेंगी। इसके बाद प्रदेश स्तर से प्रतिदिन रिपोर्ट AICC के राष्ट्रीय वॉर रूम तक पहुंचेगी।
रिपोर्ट में सत्यापन किए गए बूथों, जांचे गए मतदाताओं के नाम और एकत्रित किए गए बयानों का विवरण शामिल रहेगा।
15 दिसंबर तक बढ़ाया पर्यवेक्षकों का कार्यकाल
AICC ने अभियान की निगरानी के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों का कार्यकाल 15 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। पर्यवेक्षकों को जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकों में शामिल होकर तैयारियों की समीक्षा करनी होगी। साथ ही मंडलवार चौपालों का कैलेंडर तैयार कराने और प्रत्येक चौपाल के लिए जिम्मेदार नेताओं की नियुक्ति की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
पर्यवेक्षक हर सोमवार साप्ताहिक रिपोर्ट भेजेंगे, जबकि अभियान के तीसरे चरण की समीक्षा रिपोर्ट 18 दिसंबर तक प्रस्तुत करनी होगी।
सोशल मीडिया पर भी दिखाई जाएगी अभियान की सक्रियता
कांग्रेस ने जिला स्तरीय बैठकों, प्रशिक्षण सत्रों, बूथ सत्यापन, संविधान रक्षा मार्च और चौपालों सहित सभी गतिविधियों के फोटो और वीडियो उसी दिन सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ पार्टी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल किया जाएगा।
कांग्रेस की इस रणनीति के जरिए एक ओर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी है, वहीं 26 नवंबर को भोपाल में प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च के जरिए प्रदेश में बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन करने की कोशिश भी होगी।
Tags
madhya pradesh
