दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने को लेकर चर्चाओं में रहने वाले पूर्व मंत्री एवं पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई एक बार फिर व्यवस्था से नाराज नजर आए। सोमवार को जबलपुर से भोपाल जाते समय शहपुरा रेलवे फाटक बंद होने के कारण उन्हें करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। इससे नाराज विश्नोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट कर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की लेटलतीफी और जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही पर सवाल खड़े किए।
अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर उन्होंने लिखा, "आज जबलपुर से भोपाल जाते समय शहपुरा के रेलवे फाटक बंद होने से एक घंटा खराब हो गया। पता नहीं, शहपुरा-भोपाल मार्ग की सड़क का ओवरब्रिज और कब तक रुलाएगा। जवाब देने वाला भी कोई नहीं है। गैर-जिम्मेदारी की हद हो गई है।"
विश्नोई की इस पोस्ट के बाद शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में हो रही देरी और क्षेत्र में यातायात की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
400 करोड़ के हाईवे प्रोजेक्ट का ओवरब्रिज ढहने से बढ़ी परेशानी
जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज लंबे समय से राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। करीब 400 करोड़ रुपए की लागत वाले हाईवे प्रोजेक्ट के तहत बने इस ओवरब्रिज का लगभग 200 मीटर हिस्सा फरवरी 2026 में क्षतिग्रस्त होकर ढह गया था। इसके बाद से मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित है।
घटना के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) ने पुरानी डिजाइन में बदलाव कर ओवरब्रिज का नए सिरे से निर्माण कराने का निर्णय लिया था। जून 2026 में इसके निर्माण की लागत 30 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई थी और काम पूरा करने के लिए पांच से छह महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई थी। हालांकि नवंबर बीतने को है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है।
वर्तमान में भारी वाहनों और आम यात्रियों को संकरे डायवर्सन मार्ग तथा रेलवे फाटक से होकर गुजरना पड़ रहा है। दिनभर ट्रेनों की आवाजाही के चलते फाटक बार-बार बंद होता है, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों के साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले राहगीरों को भी भुगतना पड़ रहा है।
पहले भी अपनी ही सरकार को घेर चुके हैं विश्नोई
अजय विश्नोई इससे पहले भी कई बार अपनी ही सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठा चुके हैं। अपने विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों और जबलपुर-पाटन मार्ग के निर्माण में देरी को लेकर उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह पर निशाना साधते हुए कहा था कि लगता है यह सड़क मंत्री की प्राथमिकता में नहीं है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा था।
अक्टूबर 2026 में जबलपुर में प्रस्तावित औद्योगिक कॉरिडोर को लेकर भी उन्होंने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की थी। उनका कहना था कि योजना तैयार करते समय छोटे जनप्रतिनिधियों से चर्चा नहीं की गई, लेकिन योजना बनने के बाद उन्हें जानकारी देना भी जरूरी नहीं समझा गया।
इसके अलावा प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और कानून व्यवस्था को लेकर भी वे सरकार तथा पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं।
भाजपा विधायक की पोस्ट से कांग्रेस को मिला मुद्दा
शहपुरा में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा रहने से स्थानीय नागरिक पहले से ही परेशान हैं। डायवर्सन मार्ग पर धूल, गड्ढे और रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम के कारण लोगों का समय बर्बाद हो रहा है। ऐसे में सत्ताधारी भाजपा के वरिष्ठ विधायक का खुद एक घंटे तक जाम में फंसना और सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर करना निर्माण एजेंसियों तथा संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
विपक्षी कांग्रेस को भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरने का मौका मिल गया है। अब देखना होगा कि विधायक की सार्वजनिक नाराजगी के बाद जिम्मेदार विभाग ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाते हैं या शहपुरा के लोगों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
Tags
jabalpur
