दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में सैलाना से भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक कमलेश्वर डोडियार का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने मंच से जनता से ही पूछ लिया कि क्या उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए? इस पर वहां मौजूद लोगों ने जवाब दिया- हां, दे दो। जनता का यह अप्रत्याशित जवाब सुनकर विधायक कुछ पल के लिए असहज नजर आए।
जानकारी के मुताबिक, यह घटनाक्रम रतलाम के रानीसिंग में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम का है। कार्यक्रम में विधायक कमलेश्वर डोडियार आदिवासी संगठनों के कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मंच से कहा, ''क्या करूं, इस्तीफा दे दूं? आप कहें तो मैं दे दूं?''
विधायक के इतना कहते ही नीचे मौजूद लोगों की ओर से आवाज आई कि इस्तीफा दे दो। अचानक मिले इस जवाब से विधायक कुछ देर के लिए चौंक गए। मंच का संचालन कर रहे व्यक्ति ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन लोगों की ओर से इस्तीफा देने की आवाजें आती रहीं। इसके बाद विधायक ने जवाब देते हुए कहा कि हां, इस्तीफा दे देंगे, इसके लिए भोपाल जाना पड़ेगा।
2023 में बने थे भारतीय आदिवासी पार्टी के इकलौते विधायक
कमलेश्वर डोडियार 2023 के विधानसभा चुनाव में सैलाना सीट से जीतकर मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचे थे। वह भारतीय आदिवासी पार्टी के प्रदेश में एकमात्र विधायक बने थे। चुनाव के बाद मोटरसाइकिल से भोपाल पहुंचने, मुख्यमंत्री से मंत्री पद की मांग करने और साधारण जीवनशैली के चलते उन्हें 'झोपड़ी वाले विधायक' के नाम से भी पहचान मिली।
कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। जनता के सामने इस्तीफे की पेशकश और उसके जवाब में मिली सहमति को लेकर विधायक की किरकिरी हो रही है। इस पूरे घटनाक्रम पर विधायक कमलेश्वर डोडियार से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
