दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा तहसील के घाट सिमरिया क्षेत्र में सोमवार सुबह हिरन नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी पुल के नीचे शव उतराता देख ग्रामीणों ने तत्काल गोसलपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 28 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव लगभग दो से तीन दिन पुराना होने का अनुमान है। युवक ने काले रंग की शर्ट और पेंट पहन रखी थी। शव की हालत ऐसी है कि मछलियों द्वारा चेहरा क्षतिग्रस्त किए जाने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस को मृतक की पेंट की जेब से एक मोबाइल फोन मिला है। इसी मोबाइल के जरिए युवक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थानों से भी गुमशुदा युवकों की जानकारी जुटा रही है, ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक नदी में दुर्घटनावश गिरा था या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Tags
jabalpur
