Jabalpur News: शहर में व्याप्त जल संकट को लेकर कांग्रेस पार्षद दल का महापौर कार्यालय में प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में व्याप्त भीषण जल संकट के खिलाफ कांग्रेस पार्षद दल ने आज महापौर कार्यालय के सामने खाली मटकों के साथ प्रदर्शन किया। गर्मी के इस मौसम में कई महीनों से शहर के अधिकांश वार्डों में जल संकट बना हुआ है। स्थिति इतनी गंभीर है कि स्वयं महापौर के वार्ड में भी पानी की कमी से लोग त्रस्त हैं। 

कांग्रेस पार्षद दल का आरोप है कि भाजपा की नगर सत्ता के मुखिया महापौर जल संकट की समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं और अपनी उपलब्धियों का बखान कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पार्षदों ने नगर निगम की लापरवाही और जल संकट से निपटने के लिए कोई ठोस कदम न उठाने पर नाराजगी जाहिर की। 

प्रदर्शन में उपस्थित कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए न तो पार्षदों से कोई चर्चा की गई और न ही वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए गए। वर्तमान में कुली हिल्स की टंकी केवल एक बार ही भरी जा रही है, जिससे घमापुर, कांचघर, और रांची क्षेत्र में भीषण जल संकट पैदा हो गया है। 

नगर निगम की सभी टंकियां 3 मीटर से अधिक नहीं भरी जा रही हैं, जिससे पहले से ही जल आपूर्ति कम हो गई है। स्मार्ट सिटी के क्षेत्रों में भी, जहाँ पहले 24 घंटे पानी की सप्लाई होती थी, अब पानी की आपूर्ति में कमी देखी जा रही है।

कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम पर आम जनता से भारी-भरकम टैक्स वसूलने का आरोप लगाया, लेकिन सुविधाओं के नाम पर उन्हें इस भीषण गर्मी में परेशान छोड़ देने की आलोचना की। उनके अनुसार, मां नर्मदा जी में पर्याप्त जल स्तर होने के बावजूद जल विभाग के अधिकारियों ने जल संकट से निपटने के लिए कोई कार्य योजना तैयार नहीं की, जिससे उनकी निष्क्रियता उजागर होती है।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से पार्षद अमरीश मिश्रा, संतोष दुबे, शुभक्ता गुड्डू नवी, अयोध्या तिवारी, गुड्डू तमशेतवार, श्रीमती अदिति अतुल बाजपेई, श्रीमती अरुणा संजय साहू, गुलाम हुसैन, रामकुमार यादव, सत्येंद्र चौबे, अनुपम जैन, अख्तर अंसारी, हर्षित यादव, श्रीमती एकता राहुल गुप्ता, प्रमोद पटेल, राकेश पांडे, श्रीमती लक्ष्मीलक्ष्मण गोटिया और विधायक प्रतिनिधि संजय अहिरवार उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post