दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर पुलिस ने दो आरोपियों को 300 पाव अवैध देशी शराब, 1 रिवाल्वर, 1 कारतूस, और 2 सुअरमार बम के साथ गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी गोरखपुर प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि दिनांक 18 जून 2024 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि पंचशील नगर में जंगल के बीच में स्थित बरगद के पेड़ के नीचे दो लड़के भारी मात्रा में अवैध शराब और हथियार लेकर खड़े हैं। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके पर देखा कि बरगद के पेड़ के नीचे दो लड़के मुंह बांधकर खड़े थे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे। एक लड़के को पुलिस ने बरगद के पेड़ के नीचे ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा लड़का पहाड़ी से नीचे कूद गया जिससे उसे चोट आई और वह लंगड़ाने लगा। उसे भी पुलिस ने पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए लड़कों ने अपने नाम दुर्गेश साहू (24 वर्ष) निवासी एल जी 3 मांडवा रामपुर, थाना गोरखपुर और सौरभ साहू (23 वर्ष) पिता श्री राम साहू, निवासी एल जे 3 मांडवा रामपुर, गोरखपुर बताए। तलाशी लेने पर दुर्गेश साहू की कमर से एक रिवाल्वर जिसमें एक कारतूस लोड था, बरामद हुई। सौरभ साहू के पास से एक प्लास्टिक की थैली में दो सुअर मार बम मिले। पास ही रखी बोरियों को चेक करने पर उनमें 300 पाव अवैध देशी शराब पाई गई।
दोनों आरोपियों से 1 रिवाल्वर, 1 कारतूस, 2 सुअर मार बम और 300 पाव अवैध देशी शराब जप्त करते हुए उनके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट, 25, 27 आर्म्स एक्ट और 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उक्त शराब कहां से और कैसे प्राप्त की गई।
