Jabalpur News: स्कूल शॉप प्राइवेट लिमिटेड की एम्प्लाई शिवानी से पूछताछ

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने कार्यालय कलेक्टर (शिक्षा) जबलपुर के प्रतिवेदनों के आधार पर पंजीबद्ध 11 अपराधों की विवेचना कर रहे थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुश्री सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) समर वर्मा भी मौजूद थे।

पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने 9 थानों में दर्ज इन मामलों की विवेचना की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यवाहियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ये अपराध ओमती, बेलबाग, संजीवनी नगर, ग्वारीघाट, गोराबाजार, माढ़ोताल, तिलवारा, बरेला और भेड़ाघाट थानों में धारा 420, 409, 468, 471, 120 बी भादवि के तहत पंजीबद्ध किए गए थे। इन मामलों में 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर पूछताछ के बाद केंद्रीय जेल में निरुद्ध कराया गया था।

इस दौरान थाना भेड़ाघाट में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 253/24 की विवेचना के तहत आज 19 जून 2024 को ज्ञान गंगा स्कूल में स्कूल शॉप प्राइवेट लिमिटेड की एम्प्लाई शिवानी चौधरी से पूछताछ की गई। पूछताछ में शिवानी ने बताया कि स्कूल शॉप प्राइवेट लिमिटेड मुंबई की कंपनी है और वहां से डायरेक्ट किताबें सप्लाई की जाती हैं। इसके अलावा, होटल प्रयाग स्थित बुक शॉप को भी चेक किया गया और प्रकरण के अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे घर पर नहीं मिले।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों की गहनता से जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post