Jabalpur News: ईद उल-अजहा की नमाज अदा: अमन-चैन के लिए दुआएं, गले मिलकर मनाई खुशी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानीताल स्थित ईदगाह सहित शहर की सभी मस्जिदों में नमाज अदा की गई। मध्यप्रदेश के मुफ्ती ए आजम मौलाना मोहम्मद मुजाहिद रजा सिद्दीकी हज के लिए गए हुए है, इस कारण मुफ्ती ए आजम जिया उल हक ने नमाज अदा करवाई। प्रदेश, देश और दुनिया में अमन-चैन के लिए दुआ की गई। इसके साथ ही ताजुल मसाजिद में फिलिस्तीन और गाजा में शांति के लिए भी दुआ की गई। देशभर में ईद उल-अजहा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, जिलहिज्जा महीने में चांद दिखने पर ईद उल-अजहा (बकरीद) की तारीख तय की जाती है। नमाज के बाद घरों में बकरों की कुर्बानी दी जाती है, इसलिए इसे बकरीद भी कहते हैं। कांग्रेस नेताओं ने मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

ईद से पहले कुर्बानी के लिए देर रात तक बकरों की खरीद-फरोख्त के लिए शहर में कई जगह बाजार लगे रहे, जहां बकरों की कीमत 20 हजार से लेकर 2 लाख रुपए तक थी। ईद को लेकर गोहलपुर, मंडी मदार टेकरी, चांदनी बाजार, आगा चौक में देर रात तक खरीद-फरोख्त का दौर चलता रहा।

रानीताल ईदगाह में नमाज के दौरान मुफ्ती ए आजम जिया उल हक ने प्रदेशवासियों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि हमें अपने देश, प्रदेश और शहर में अमन, चैन और भाईचारे की फिजा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने सभी मुस्लिम भाईयों से अपील की कि त्योहार अपने परिवार के साथ खुशी से मनाएं और गरीबों का भी ख्याल रखें। 

ईद के मौके पर कांग्रेस नेता भी रानीताल ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की बधाई दी। विधायक और पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया,पार्षद अमरीश मिश्रा सहित कई कांग्रेस नेता इस अवसर पर उपस्थित रहे। ईदगाह में नमाज के समय दमोह नाका से तीन पत्ती चौक तक का मार्ग दोपहर तक के लिए डायवर्ट किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post