दैनिक सांध्य बन्धु खंडवा। प्रदेश के खंडवा जिले अनुपम नगर रविवार देर रात में पारिवारिक रंजिश में 23 वर्षीय शुभम खरटे की मौत हो गई। शुभम नरेंद्र सावनेर की हत्या करने पहुंचा था, लेकिन संघर्ष में अपनी जान गंवा बैठा।
शुभम ने पहले हमला करते हुए नरेंद्र की जांघ में चाकू घोंपा। चाकू का हैंडल टूटकर शुभम के हाथ में रह गया। इसी हैंडल से शुभम ने नरेंद्र पर वार करना जारी रखा। नरेंद्र ने चाकू छीनकर शुभम पर जवाबी वार किए, जिससे शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने के कारण शुभम की जिला अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई।
शुभम के चचेरे भाई योगेश का नरेंद्र सावनेर के परिवार की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। युवती घर लौट आई थी, जबकि 4 मार्च को योगेश ने इंदौर में फांसी लगा ली थी। शुभम को लगता था कि नरेंद्र और उसके परिवार के टॉर्चर के कारण ही योगेश ने आत्महत्या की थी। इस कारण से दोनों परिवारों में तनाव बढ़ गया था।
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि नरेंद्र घर के बाहर बाइक पर बैठा था, जब शुभम ने उस पर हमला किया। शोर सुनकर नरेंद्र के परिवार के लोग बाहर आ गए। शुभम और उसका साथी सौरभ बाइक छोड़कर वहां से भाग गए।
शुभम के परिवार ने आरोप लगाया कि नरेंद्र के परिवार ने पूरी प्लानिंग से शुभम को बुलाकर उसकी हत्या की। उन्होंने अधूरा CCTV फुटेज वायरल किया है, जिसमें वे इस साजिश का दावा कर रहे हैं।
पदमनगर टीआई अशोक सिंह चौहान ने दैनिक सांध्य बन्धु को बताया कि CCTV फुटेज के अनुसार शुभम ने ही पहले हमला किया था। पुलिस ने घटना स्थल से चाकू के दो टुकड़े बरामद किए हैं।
शुभम अपने परिवार का इकलौता बेटा था और एक मोबाइल सर्विस कंपनी में काम करता था। उसके परिवार में माता-पिता और एक छोटी बहन हैं। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
