Jabalpur News: तलवार लेकर शराब दुकान में घुसे बदमाश कर्मचारी पर किया हमला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर इलाके में रविवार रात एक शराब दुकान में तीन बदमाशों ने तलवार लेकर हमला किया और जमकर तोड़फोड़ की। इस हमले में दुकान के कर्मचारी अखिलेश गुप्ता को गंभीर चोटें आईं और उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

घटना रात करीब 11 बजे की है जब तीन युवक, तलवारें लेकर दुकान में घुसे और शराब तथा पैसे मांगने लगे। अखिलेश गुप्ता ने बताया कि बदमाशों के पास पैसे नहीं होने की बात सुनकर वे गुस्से में आ गए और तलवार से दुकान की जाली तोड़ने लगे। इसके बाद, वे दुकान के अंदर घुसकर पूरी दुकान को तहस-नहस कर दिया और अखिलेश पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस हमले के बाद, बदमाशों ने लगभग 10 मिनट तक दुकान में उत्पात मचाया और फिर फरार हो गए। घायल अखिलेश के साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। अखिलेश की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों, रेहान सोनकर, रोहित सोनकर और हरीश सोनकर के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

रांझी थाना पुलिस के अनुसार, यह तीनों बदमाश पहले भी दुकान में अवैध रूप से पैसे मांगने आए थे, जिसकी शिकायत पहले ही की जा चुकी थी, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं हुई थी। 

इसके बाद, ये तीनों बदमाश डुमना एयरपोर्ट पहुंचे और वहां भी तलवारबाजी कर हंगामा किया। डुमना पुलिस चौकी ने भी इन तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रांझी थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम ने कहा कि पुलिस इन बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली है। फिलहाल, पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए खोजबीन तेज कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post