दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। निजी स्कूल संचालकों ने गर्मी का झूठा बहाना बनाकर स्कूल नहीं खोले, जिससे अभिभावकों में भ्रम और आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आज जब कई अभिभावक अपने बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचे, तो उन्हें स्कूल के गेट पर ताला लगा मिला। जब अभिभावकों ने इसका कारण पूछा, तो बताया गया कि कलेक्टर साहब ने गर्मी के चलते स्कूल नहीं खोलने के आदेश दिए हैं।
हालांकि, जब अभिभावकों ने इस मामले में कलेक्टर साहब से बात की, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, यह घटना उन स्कूल संचालकों की योजना का हिस्सा है जो कलेक्टर द्वारा की गई कार्यवाही से अब तक बचते आए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि ये स्कूल संचालक एक संगठन बनाकर सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार की योजना बना रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो पुलिस अब इन संचालकों के खातों तक पहुंच चुकी है और आने वाले समय में स्कूल माफियाओं के खिलाफ और भी मामले सामने आ सकते हैं। इसमें महंगी जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले भी शामिल हैं। तिलवारा थाने में भी पुलिस इन संचालकों द्वारा खरीदी गई जमीनों की रजिस्ट्री निकालने में लगी हुई है। शहर के बाहर के मुख्य पर्यटन स्थलों के आसपास महंगी जमीनों की खरीद-फरोख्त की जांच भी जारी है।
