दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। विदिशा लोकसभा सीट से सांसद चुने जाने और केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी विधानसभा सीट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को अपने त्याग-पत्र की घोषणा करते हुए भावुक शब्दों में जनता के प्रति अपना आभार प्रकट किया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "आज मैं बहुत भावुक हूं। मैंने मध्यप्रदेश विधानसभा की सदस्यता से त्याग-पत्र दिया है। मैं बुधनी से विधायक था। बुधनी विधानसभा क्षेत्र की जनता मेरे रोम-रोम में रमती है। मेरी हर सांस में बसती है। मैंने बुधनी से ही अपने सार्वजनिक जीवन का प्रारंभ किया था। बचपन से ही आंदोलन और फिर जनता का प्यार लगातार मिलता चला गया।"
उन्होंने आगे कहा, "इसी बुधनी विधानसभा क्षेत्र से मैं 6 बार विधायक रहा। मैं पिछला विधानसभा चुनाव यहां से रिकॉर्ड वोटों से जीता था। लोकसभा चुनाव में भी मुझे यहां की जनता ने रिकॉर्ड जीत दिलाई। जनता की सेवा मैंने पूरे मन से की है। जनता की सेवा ही मेरे लिए भगवान की पूजा है। जनता के इस प्यार पर मेरा पूरा जीवन न्यौछावर है। मैं जनता की सेवा में लगा रहूंगा।"
शिवराज सिंह चौहान के इस्तीफे के बाद बुधनी विधानसभा सीट खाली हो गई है और अब वहां उपचुनाव होगा।
