दैनिक सांध्य बन्धु राजगढ़। प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ने भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। महिला ने सोमवार को राजगढ़ थाने में FIR दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक केस दर्ज नहीं हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर बीजेपी सरकार की आलोचना की।
महिला स्वास्थ्यकर्मी मीनाक्षी कुबड़े का कहना है कि उनके सरकारी आवास पर गेट लगाने को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष वहां आए और उनके साथ मारपीट की। मीनाक्षी ने आरोप लगाया कि विनोद साहू फावड़ा लेकर उन्हें मारने आए, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया।
विनोद साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे पेयजल लाइन की जांच करने गए थे। उन्होंने बताया कि किसी ने ऊपर से कुछ फेंका, जिसके कारण वे पीछे हटे और देखने लगे। उनका कहना है कि उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रचा जा रहा है और बिना जांच के दिग्विजय सिंह ने पोस्ट कर दिया है।
विवाद की जड़ मीनाक्षी कुबड़े का सरकारी क्वार्टर में गेट लगाना है। वहां रह रहे कर्मचारियों ने मिलकर गेट लगवाया, लेकिन मीनाक्षी का कहना है कि उनसे बिना सलाह लिए गेट लगाया गया। इसी बात को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष को बुलाया गया और विवाद शुरू हुआ।
थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि महिला ने आवेदन दिया है और दोनों पक्षों के बयान लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी। मीनाक्षी का आरोप है कि पुलिस ने अब तक FIR दर्ज नहीं की है और उन्होंने सुरक्षा के लिए वीडियो बनाया था, जिसमें विनोद साहू और उनके सहयोगियों की धमकी रिकॉर्ड की गई है।
कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर विनोद साहू का वीडियो शेयर कर बीजेपी नेताओं की आलोचना की है। कांग्रेस का कहना है कि यह भाजपा नेताओं का आतंक है और इसे सहन नहीं किया जाएगा।
