Jabalpur News: जोरदार बारिश से मौसम ने ली करवट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुरसंस्कारधानी सहित पूरे प्रदेश में सक्रिय हुआ मानसून गुरुवार शाम को जबरदस्त रूप में बरसा। सुबह छह बजे कुछ देर बारिश के बाद दिनभर निकली धूप और उमस भरी गर्मी के बाद शाम होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया।

शहर की सड़कें तरबतर हुईं

शहर में रुक-रुक कर करीब एक घंटे तक हुई जोरदार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। बादलों की तेज गर्जना और बिजली की चमक के साथ हुई झमाझम बारिश से लोग जहां के तहां ठिठक गए। रिमझिम बारिश का दौर रात में भी रुक-रुक कर जारी रहा। गुरुवार को नगर में सवा इंच बारिश दर्ज की गई।

छह दिन बाद मानसून की सक्रियता

मानसून की दस्तक के छह दिन बाद, गुरुवार की शाम गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश से शहर पानी से तरबतर हो गया। मौसम में हल्की ठंडक भी आ गई, जिससे दिनभर धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।

संभाग के जिलों में भी अच्छी वर्षा

क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून सीधी सिंगरौली के उत्तरी हिस्से को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में सक्रिय हो गया है। जबलपुर सहित संभाग के जिलों में भी अच्छी वर्षा हुई। सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक 29.8 मिलीमीटर यानी करीब सवा इंच वर्षा हुई। आगामी 24 घंटे के दौरान भी गरज-चमक के साथ अच्छी वर्षा का अनुमान है।

अब तक साढ़े तीन इंच वर्षा

बहरहाल, मानसून की सक्रियता से वर्षा का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार को सुबह से शाम तक जहां 29.8 मिलीमीटर यानी करीब सवा इंच वर्षा हुई, वहीं मानसून सीजन में अब तक 8948 मिलीमीटर यानी करीब साढ़े तीन इंच वर्षा हो चुकी है।

24 से 48 घंटे में अच्छी वर्षा की संभावना

मध्य प्रदेश से लेकर गुजरात, राजस्थान तक ट्रफ लाइन और चक्रवातीय परिसंचरण मजबूती से सक्रिय हैं। इसके प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे के दौरान अच्छी वर्षा की संभावना जताई जा रही है।

तापमान में मामूली गिरावट

गुरुवार को दिनभर धूप और उमस भरी रही, लेकिन हवा में नमी घुली होने के कारण दिन के अधिकतम तापमान में गत दिवस के मुकाबले मामूली गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सीधी में औसत वर्षा 36 मि.मी. दर्ज

सीधी में 13.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। तहसील रामपुर नैकिन में 0.0 मि.मी., चुरहट में 0.0 मि.मी., गोपद बनास में 6.0 मि.मी., सिहावल में 0.0 मि.मी., बहरी में 0.0 मि.मी., मझौली में 18 मि.मी. और कुसमी में 68.0 मि.मी. वर्षा हुई है।

औसत वर्षा में कमी

01 जून से 27 जून तक तहसील कुसमी में सर्वाधिक वर्षा 68 मि.मी. दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 49.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई थी। गतवर्ष की तुलना में इस वर्ष 13.7 मि.मी. औसत वर्षा कम हुई है।

शहडोल और सिवनी में आकाशीय बिजली की घटनाएं

शहडोल में बुधवार की शाम जैतपुर थाना क्षेत्र के कोपरा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में एक महिला गंभीर घायल हो गई। वहीं, सिवनी के बरघाट थाना अंतर्गत खारी गांव में गुरुवार शाम को आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

कटनी और अनूपपुर में मौसम की स्थिति

कटनी में बुधवार की रात 20 मिनट बारिश के बाद मौसम खुल गया। गुरुवार को गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान रहे। अनूपपुर में गुरुवार को तेज धूप रही और शाम तक वर्षा नहीं हुई। जिले में बीते 24 घंटे में 1.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।

इस तरह प्रदेश भर में मानसून की सक्रियता के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिला, जिससे लोगों को राहत मिली।

Post a Comment

Previous Post Next Post