दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्रीष्म कालीन मूँग और उड़द के उपार्जन पर निगरानी रखने और वास्तविक किसानों से गुणवत्ता मापदंड की उपज की ही खरीदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देशानुसार कृषि अधिकारियों के दल ने सिहोरा तहसील के तीन खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया।
उपसंचालक कृषि डॉ. एस के निगम के नेतृत्व में सहायक संचालक कृषि अमित पांडे, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सिहोरा मनीषा पटेल, और वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी जे एस राठौर ने घाट सिमरिया स्थित त्रिपुरी वेयर हाउस, कछपूरा स्थित सियाराम वेयर हाउस, और फनवानी स्थित कल्पना वेयर हाउस का निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र प्रभारियों, समिति प्रबंधकों, और सर्वेयर्स को किसानों से केवल निर्धारित गुणवत्ता की मूँग की खरीदी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने तौल के तुरंत बाद पूरी उपज को ऑनलाइन दर्ज करने की भी हिदायत दी। कछपुरा स्थित सियाराम वेयर हाउस में मूँग के एक ढेर में मानक स्तर से अधिक नमी पाए जाने पर संबंधित किसान को उपज वापस करने के निर्देश दिए गए।
उपसंचालक कृषि डॉ. एस के निगम ने बताया कि ग्रीष्म कालीन मूँग और उड़द के उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण सोमवार को भी जारी रहेगा, जो शासन द्वारा तय अवधि के अनुसार अंतिम दिन है।
.jpg)