दैनिक सांध्य बन्धु सागर। सिविल लाइन क्षेत्र में सोमवार को कांग्रेस ने दलित अत्याचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था और सागर नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एक जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के विवादित बयान ने माहौल गरमा दिया। बरैया ने कहा, "अगर 2.48 करोड़ वोटों में से 2 करोड़ वोट भी डाल दिए होते, तो थानेदार की इसी सभा में चमड़ी काटकर भूसा भर दिया जाता।"
कांग्रेस की सभा में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बरैया ने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार होती तो अत्याचारियों को सख्त सजा मिलती। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो दोषियों को उनके ही गांव में सजा दी जाएगी।
सभा के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर ऑफिस का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। विरोध के दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर नेताओं को खदेड़ दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दलित हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुआ तो वे संबंधित नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। प्रदर्शन के बाद एडीएम ने कांग्रेस नेताओं से बातचीत की और आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
