Jabalpur News: मकान की दीवार गिरने से दंपती की मौत, दूसरे कमरे में सो रहे बच्चों की जान बची

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मझौली में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक मकान की दीवार गिरने से घर में सो रहे दंपती की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान 43 वर्षीय अशोक दहिया और उनकी पत्नी 38 वर्षीय विमला बाई के रूप में की गई है।

यह हादसा मझौली के वार्ड नंबर 12 में स्थित अशोक दहिया के घर में हुआ, जहां वे अपने परिवार के साथ रहते थे। बुधवार रात भारी बारिश के बाद, सुबह करीब 5 बजे मकान की दीवार अचानक गिर गई। उस समय दंपती एक कमरे में सो रहे थे, जबकि उनके तीन बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। दीवार गिरने से अशोक और विमला मलबे में दब गए, जबकि दूसरे कमरे में सो रहे बच्चे बाल-बाल बच गए।

आवाज सुनकर पड़ोसी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मलबा हटाकर दंपती को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अशोक के बड़े भाई उद्धव ने बताया कि रात की तेज बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी। जब तक मलबा हटाया गया, तब तक अशोक और विमला की तड़प-तड़प कर मौत हो चुकी थी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post