Jabalpur News: मानस विहार लमती में महिलाओं का फूटा गुस्सा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने किया अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मानस विहार लमती क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन की लापरवाही और बदहाली से त्रस्त महिलाओं और नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। बुधवार को नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने क्षेत्र का दौरा किया और जनता की समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया। 

सौरभ शर्मा ने बताया कि 2015 में नगर निगम सीमा में शामिल हुए नए वार्डों की हालत आज गांव से भी बदतर हो गई है। बीजेपी की सत्ता में नगर निगम प्रशासन की अनदेखी के चलते वार्ड नंबर 72 और 73 के नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। क्षेत्र की 12 गलियों का भ्रमण करने पर सौरभ ने देखा कि कई खाली भूखंड तालाब का रूप ले चुके हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिक, खासकर महिलाएं, नगर निगम प्रशासन पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सौरभ शर्मा से अपनी समस्याओं को उठाने की मांग कर रही थीं।

सौरभ शर्मा ने श्री खेरमाई जनकल्याण विकास समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास पर चर्चा की और उनकी व्यथाओं को सुना। उन्होंने ऐलान किया कि 31 अगस्त से मानस चौक लमती में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा, जो तब तक जारी रहेगा जब तक क्षेत्र के नागरिकों की सभी मांगे पूरी नहीं हो जातीं। इस धरने में क्षेत्र के हजारों नागरिक शामिल होंगे।

इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग, जिनमें आशुतोष ठाकुर, शिवशंकर पांडे, विष्णु कश्यप, कार्तिक अग्निहोत्री, मुकेश ठाकुर, अशोक बालानी, श्रीमती दिव्या तिवारी और माधुरी चौरसिया शामिल थे, धरने के समर्थन में उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post