Jabalpur News: खेत में घुसी गाय के साथ बर्बरता, खेत मालिक ने किया अमानवीय अत्याचार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर क्षेत्र में एक खेत मालिक द्वारा गाय के साथ की गई बर्बरता का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि महगवां टगर निवासी बंशाराम पटेल ने अपने खेत में घुसी एक गाय को बुरी तरह पीटा, यहां तक कि उसके मलमूत्र द्वार में डंडा डालकर भी अत्याचार किया। गाय को तब तक पीटा गया जब तक वह बेहोश नहीं हो गई।

इस घटना की जानकारी मिलने पर पनागर पुलिस ने आरोपी बंशाराम पटेल को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी अजय बहादुर सिंह ने बताया कि अजय तिवारी नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी गाय, जो चरवाहा लेकर गया था, वापस नहीं आई। सुबह जब गाय घर पहुंची तो उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और खून बह रहा था।

जांच में पता चला कि गाय गलती से बंशाराम के खेत में घुस गई थी, जिसके बाद बंशाराम ने उसे बेरहमी से पीटा। जब अजय तिवारी ने बंशाराम से इस क्रूरता का कारण पूछा, तो उसने धमकी दी कि अगर कोई भी जानवर उसके खेत में घुसेगा, तो वह उसका यही हाल करेगा।

आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसने गाय को पहले भी दो बार समझाने की कोशिश की थी, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो उसने गुस्से में आकर उसे मारा। इस घटना का एक वीडियो भी आरोपी ने बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे पशुप्रेमियों में भारी आक्रोश है।

Post a Comment

Previous Post Next Post