Jabalpur News: प्रेग्नेंसी बाइबल विवाद, करीना कपूर ने हाईकोर्ट में दी सफाई, धार्मिक भावनाएं आहत करने का इरादा नहीं

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर द्वारा लिखित किताब 'प्रेग्नेंसी बाइबल' को लेकर उपजे विवाद पर आज करीना कपूर की ओर से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जवाब पेश किया गया। अभिनेत्री ने अपने जवाब में कहा कि किताब के टाइटल या सामग्री का उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करना नहीं है। इस मामले की अगली सुनवाई अब 10 सितंबर 2024 को होगी।

यह मामला जबलपुर निवासी एडवोकेट क्रिस्टोफर एंथोनी द्वारा 2022 में दायर की गई याचिका से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने किताब के शीर्षक पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया था। करीना कपूर के वकील दिव्य कृष्ण बिलैया ने हाईकोर्ट में दायर जवाब में कहा कि 'प्रेग्नेंसी बाइबल' किताब में किसी धार्मिक ग्रंथ का अपमान नहीं किया गया है, और यह किताब केवल अभिनेत्री के व्यक्तिगत प्रेग्नेंसी अनुभवों पर आधारित है।

करीना कपूर की ओर से यह भी कहा गया कि संविधान में फ्रीडम ऑफ स्पीच के तहत उन्हें इस किताब को लिखने का अधिकार है। किताब में 'बाइबल' शब्द का उपयोग केवल सकारात्मक विचारों को दर्शाने के लिए किया गया है, और इसमें किसी भी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की मंशा नहीं थी। 

विवाद के मद्देनज़र, किताब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई है, जिस पर हाईकोर्ट ने अभिनेत्री से जवाब मांगा था। अब इस मामले पर अगली सुनवाई 10 सितंबर को होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post