दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने संजीवनी नगर और गढ़ा थाना क्षेत्र में लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रचित सोनी (21) और मोनू ठाकुर (18) शामिल हैं, जिनके कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, चांदी की चेन, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया है।
घटना क्रमांक-1: 26 जुलाई 2024 की रात संजीवनी नगर में राघवेंद्र कुमार चतुर्वेदी (64) के साथ लूट की घटना हुई थी। चतुर्वेदी अपनी पत्नी और नातिन के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, जब दो युवकों ने उनकी पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया।
घटना क्रमांक-2: 8 अगस्त 2024 को गढ़ा थाना क्षेत्र में लकी सोंधिया (14) के साथ लूट की घटना हुई। लकी का छोटा बैग, जिसमें एक मोबाइल फोन, चांदी की चेन और आधार कार्ड था, दो युवकों ने छीन लिया था।
पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह के निर्देश पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। क्राइम ब्रांच और संबंधित थानों की टीमों ने संदेही रचित सोनी को पकड़कर सघन पूछताछ की। उसने अपने साथी मोनू ठाकुर के साथ मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संजीवनी नगर और गढ़ा थानों में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। रचित सोनी पर पहले से ही कई अपराधों में शामिल होने के आरोप थे, जिनमें गढ़ा और तिलवारा थाना क्षेत्रों के मामले भी शामिल हैं।
