Jabalpur News: पान मसाला और सिगरेट चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश, पांच चोर गिरफ्तार, दर्जनों चोरी की वारदातों का खुलासा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। एक अनोखी चोरी की घटना का खुलासा हुआ है, जहां चोरों की एक गैंग सोना-चांदी नहीं, बल्कि पान मसाला और सिगरेट चोरी करती थी। गढ़ा थाना पुलिस ने इस गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से लाखों रुपये का पान मसाला और सिगरेट बरामद किया है। 

शहर के विभिन्न इलाकों में पिछले कुछ समय से पान मसाला और सिगरेट की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। मंगलवार की रात को शाही नाका के पास पृष्प कुमार जैन की दुकान से डेढ़ लाख रुपये का पान मसाला और सिगरेट चोरी हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद गोहलपुर की इस गैंग का पर्दाफाश किया।


गिरफ्तार किए गए आरोपी— शब्बीर मंसूरी, शहनाज़, मोहम्मद आबिद, शारिक, और इरफान— ने कबूल किया कि वे पिछले दो साल से महंगे पान मसाला और सिगरेट की चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। गैंग के सरगना शब्बीर ने बताया कि सोने-चांदी की चोरी की तुलना में पान मसाला और सिगरेट की चोरी का माल बाजार में आसानी से बिक जाता है, जिससे वे इस रास्ते पर चल पड़े। 

पुलिस का कहना है कि इस गैंग के और भी सदस्य हो सकते हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इस गैंग ने शहर के विभिन्न हिस्सों में दर्जनों चोरी की वारदातें कबूल की हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post