Jabalpur News: कैफे संचालक पर प्राणघातक हमला करने वाला फरार ईनामी आरोपी पवन सोनकर गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। 08 महीने पूर्व हैस टेग कैफे के संचालक अंचल पाठक पर प्राणघातक हमला करने वाला 3 हजार रुपये का फरार ईनामी आरोपी, पवन सोनकर, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

घटना 7 जनवरी 2024 की है, जब विजयनगर के एकता टावर स्थित हैस टेग कैफे में तीन लड़के आए, जिनमें से एक पवन सोनकर था। कैफे में खाने का ऑर्डर देने के बाद, पवन सोनकर ने कैफे संचालक अंचल पाठक को फोन कर ऑर्डर जल्दी तैयार करने को कहा। जब ऑर्डर में देरी हुई, तो पवन ने पिस्टल निकालकर अंचल पर फायर किया, जिससे गोली उनके कान के पास से निकल गई। घटना के बाद पवन और उसके साथी कैफे से फरार हो गए।

इस घटना के बाद, पुलिस ने पवन सोनकर के खिलाफ धारा 307 और 34 के तहत मामला दर्ज किया और उसकी गिरफ्तारी के लिए हर संभावित स्थान पर दबिश दी गई। जब पवन को नहीं पकड़ा जा सका, तो पुलिस अधीक्षक  आदित्य प्रताप सिंह द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

पुलिस अधीक्षक के आदेश पर, क्राइम ब्रांच की टीम ने पवन सोनकर का पता लगाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पवन के साथ उसके साथी मनीष पटेल को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है।

इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह, अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली, नीरज तिवारी, मन्नू सिंह, राकेश बहादुर सिंह, जय प्रकाश तिवारी, और थाना विजय नगर के उप निरीक्षक सुरेश सिंह, पंचमलाल यादव, सुरेश दुबे, रूपेश, दीपक और विक्रम की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post