दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। धनवंतरी नगर बाईपास के पास स्थित शासकीय नेत्रहीन स्कूल की छत का एक बड़ा हिस्सा मंगलवार सुबह भरभराकर गिर गया। घटना उस समय हुई जब रूम नंबर 24 में मौजूद नेत्रहीन छात्र कुछ मिनट पहले ही बाहर निकले थे। इस हादसे के बाद से छात्रों में भारी दहशत है, और वे अब जर्जर भवन में रहने को तैयार नहीं हैं। स्कूल प्रबंधन पर भी घटना को दबाने के प्रयास का आरोप लगाया जा रहा है।
स्कूल में करीब 100 नेत्रहीन छात्र रहते हैं, जो वर्षों से इस जर्जर भवन में रहने को मजबूर हैं। छात्रों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। घटना के बाद जब छात्रों ने टूटी हुई छत का मलबा पलंग पर गिरा देखा, तो वे और भी भयभीत हो गए।
इससे पहले भी इस जर्जर भवन में हादसे हो चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन द्वारा छात्रों को नई जगह शिफ्ट करने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है।
गोरखपुर एसडीएम पंकज मिश्रा ने कहा कि वे घटना की जानकारी ले रहे हैं और स्वयं जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। छात्रों और उनके परिवारों ने प्रशासन से शीघ्र उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
Tags
jabalpur
.png)