दैनिक सांध्य बन्धु पानीपत। भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह द्वारा पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ हरियाणा में प्रचार करने के बयान पर पहलवान बजरंग पूनिया ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बजरंग ने कहा, "यदि बृजभूषण में हिम्मत है तो वे हरियाणा आएं और प्रचार करें। यहां की जनता तय करेगी कि उनका किस तरह स्वागत होगा।"
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था कि वे पहले से ही कहते आ रहे थे कि विनेश और बजरंग कांग्रेस के हाथों में खेल रहे हैं। उन्होंने बीजेपी हाईकमान से हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए भेजने की अपील भी की थी।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने भी बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह सब कांग्रेस के इशारे पर हुआ है और इसका मास्टरमाइंड दीपेंद्र हुड्डा परिवार है। उन्होंने कहा, "पूरा देश जानता है कि विरोध कांग्रेस के इशारे पर हो रहा था। जब प्रधानमंत्री ने बृजभूषण शरण सिंह की तारीफ की थी, उसी दिन से इस विरोध की नींव रखी गई थी।"
संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि यह विरोध इसलिए शुरू हुआ क्योंकि ओलिंपिक में 4-5 कुश्ती के मेडल आने वाले थे। उन्होंने कहा कि विरोध का असर उन मेडल पर भी पड़ा और ओलिंपिक वर्ष में दो साल तक कुश्ती की कोई गतिविधि नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि अब विनेश और बजरंग के कांग्रेस में शामिल होने से यह साफ हो गया है कि विरोध राजनीति से प्रेरित था।
संजय सिंह ने साक्षी मलिक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह भी विरोध में शामिल थीं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के 99% खिलाड़ी उनके साथ हैं और इस विरोध का कुश्ती संघ पर कोई असर नहीं पड़ेगा।