दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आज अंबाला में होने वाली रैली को रद्द कर दिया गया है। उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के अनुसार, डॉक्टरों ने खड़गे को आराम करने की सलाह दी है, जिसके कारण अब हरियाणा की रैलियों को प्रदेश के नेता संबोधित करेंगे।
अंबाला में कांग्रेस रैली को अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा संबोधित करेंगे। इस रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जिसमें करीब 4,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। रैली स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।
इसके अलावा, कांग्रेस नेता करनाल के घरौंडा में भी रैली करने वाले थे, जिसे अब राज्य के नेताओं द्वारा संभाला जाएगा। कांग्रेस उम्मीदवार निर्मल सिंह मोहड़ा ने कहा कि भाजपा की नीतियों से तंग आ चुकी जनता अब प्रदेश में बदलाव चाहती है और विकास के नाम पर वोट देगी।