दैनिक सांध्य बन्धु चंडीगढ़। हरियाणा के बादली विधानसभा क्षेत्र से इनेलो-बसपा के प्रत्याशी महेंद्र सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया। महेंद्र सिंह रविवार शाम चार बजे से घर से गायब थे और उनका फोन भी घर पर छोड़ा गया था, जिसके बाद उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
करीब 20 घंटे की गुमशुदगी के बाद महेंद्र सिंह अपनी पत्नी शिक्षा देवी के साथ उपमंडल कार्यालय पहुंचे और SDM सतीश यादव के सामने अपना नामांकन वापस लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के किसी भी नेता से बातचीत नहीं की और यह भी नहीं बताया कि वह पिछले 20 घंटे से कहां थे।
बसपा जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश ने संदेह जताया है कि महेंद्र सिंह पर किसी ने दबाव बनाया हो। महेंद्र सिंह के लापता होने के बाद पार्टी ने SDM को शिकायत दी थी और अनुरोध किया था कि पर्चा रद्द न किया जाए जब तक प्रत्याशी फिजिकली सामने न आ जाए।
महेंद्र सिंह, जो बसपा के लिए लंबे समय से काम कर रहे थे और पार्टी के जिला अध्यक्ष रह चुके थे, ने बिना किसी पूर्व सूचना के नामांकन वापस ले लिया। उनके अचानक लौटने और नामांकन वापस लेने से पार्टी के नेता चौंक गए हैं।