दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर में प्रस्तावित दो फ्लाई ओव्हर ब्रिज निर्माण के लिये चिन्हित मार्गों का निरीक्षण किया। मंत्री राकेश सिंह ने निरीक्षण की शुरूआत सुबह 11.30 बजे मार्ग क्रमांक-एक साईं मंदिर, आदर्श नगर, रामपुर चौक, बंदरिया तिराहा, हवाबाग कॉलेज से किया। बता दें कि यहां पहले से ही ब्रिज डिवीजन द्वारा कटंगा ओवर ब्रिज का काम प्रारंभ कराया जा चुका है। इसके बाद लोक निर्माण मंत्री मार्ग होटल ऋषि रिजेंसी से पर्यटन चौक, अंबेडकर चौक, घमापुर, भानतलैया और रद्दी चौकी मार्ग का निरीक्षण किया।
सर्वविदित है कि इस मार्ग में हाईकोर्ट, घमापुर से रद्दी चौकी मार्ग में यातायात का दबाव सबसे अधिक रहता है। घमापुर चौराहा जो शहर के व्यस्ततम चौराहों में से एक है। यही कारण है कि यहां पर रोज लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। जनता द्वारा यहां पर फ्लाय ओवर की मांग लंबे समय से की जा रही थी, अब राकेश सिंह ने इसमें रुचि दिखाई है। इससे पहले पूर्व क्षेत्र के विधायक लखन घनघोरिया ने भी प्रदेश सरकार में मंत्री रहते घमापुर-रद्दी चौकी फ्लाय ओवर की मांग रखी थी। अब इन दोनों प्रमुख मांगों के पूरे होने के आसार बन रहे हैं।
Tags
jabalpur