MP News: शिवराज सिंह चौहान के चाचा चैन सिंह चौहान का निधन, अंतिम संस्कार आज शाम

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के चाचा चैन सिंह चौहान का बुधवार को राजधानी भोपाल में निधन हो गया। 82 वर्षीय चैन सिंह चौहान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उन्होंने एक निजी अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली।

चैन सिंह चौहान के निधन पर शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर की। उन्होंने 'X' पर लिखा, "मेरे प्रिय चाचाजी श्री चैन सिंह चौहान जी, जिनके पास भोपाल में रहकर पांचवीं से लेकर ग्यारहवीं कक्षा तक पढ़ा, जिनका आशीर्वाद सार्वजनिक जीवन में मेरी प्रेरणा रहा, जो सदैव मेरे ऊपर प्रेम की वर्षा करते रहे, वह आज हमें छोड़कर अनंत यात्रा पर चले गए। वो मेरी शक्ति थे, भावनात्मक सहारा थे, प्रेरणा थे। आज वो साथ छूट गया, सहारा टूट गया, हृदय-घट सूना हो गया। पूज्य चाचाजी के चरणों में प्रणाम!"

चैन सिंह चौहान, भोपाल नगर निगम के पूर्व सभापति सुरजीत सिंह चौहान के पिता थे और वे मूल रूप से सीहोर जिले के रहने वाले थे। चैन सिंह अपने परिवार के साथ भोपाल के कुंजन नगर में रहते थे। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे उनके गृह गांव जैत, सीहोर जिले में किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post