दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पितृपक्ष में गया जाने वाले यात्रियों के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन भोपाल और जबलपुर से गया के लिए संचालित होगी। रानी कमलापति से विशेष गाड़ी (01667) 16, 21, 26 सितंबर और 1 अक्टूबर को दोपहर 1:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में, यह गाड़ी (01668) गया से 19, 24, 29 सितंबर को दोपहर 3 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 11:20 बजे भोपाल पहुंचेगी।
जबलपुर से विशेष ट्रेन की जानकारी
जबलपुर से गया के लिए विशेष गाड़ी (01701) 18, 23, और 28 सितंबर को शाम 7:35 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:30 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में यह गाड़ी (01702) 17, 22, 27 सितंबर और 2 अक्टूबर को गया से दोपहर 3:10 बजे प्रस्थान करेगी।
ट्रेन में उपलब्ध सुविधाएं
इन विशेष ट्रेनों में वातानुकूलित (एसी), शयनयान (स्लीपर), और सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे। दोनों गाड़ियों के लिए टिकट आरक्षण आज से शुरू हो चुका है।
धनबाद-कोयंबटूर विशेष गाड़ी का संचालन
इस महीने से जबलपुर से नैनपुर-गोंदिया-बल्लारशाह होकर दक्षिण भारत के लिए धनबाद-कोयंबटूर विशेष गाड़ी (03325) भी चलाई जाएगी। यह गाड़ी 4 सितंबर से 1 जनवरी, 2025 के बीच प्रत्येक बुधवार को धनबाद से कोयंबटूर के लिए प्रस्थान करेगी और वापसी में (03326) 7 सितंबर से 4 जनवरी, 2025 के बीच प्रत्येक शनिवार को कोयंबटूर से धनबाद के लिए संचालित होगी।
त्योहारों के लिए विशेष रेल सुविधा
दशहरा, दीपावली, और छठ पूजा जैसे त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे जबलपुर से दक्षिण भारत और उत्तर भारत की यात्रा के लिए नए विकल्प मिलेंगे।