Jabalpur News: कांग्रेस के दरवाजे अब बंद, वापसी की अटकलें निराधार: सौरभ नाटी शर्मा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर की राजनीति में इस समय कांग्रेस से बीजेपी में गए नेताओं की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी विषय पर दैनिक सांध्य बन्धु द्वारा जबलपुर कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ 'नाटी' शर्मा से विशेष बातचीत की गई। शर्मा ने इस मुद्दे पर स्पष्ट और सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जो नेता कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में जा चुके हैं, उनके लिए अब कांग्रेस के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं।

सौरभ शर्मा ने कहा, "जो लोग संघर्ष के दौर में पार्टी छोड़कर गए हैं, उन्हें माफ नहीं किया जा सकता। यह सिर्फ विचारधारा का सवाल नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तिगत हित और स्वार्थ की बात है। ऐसे नेताओं के लिए कांग्रेस में वापसी का कोई रास्ता नहीं है, चाहे कोई भी परिस्थिति हो।"

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की एक स्पष्ट विचारधारा है, और जो इस विचारधारा के खिलाफ जाते हैं, उनके लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। शर्मा ने आने वाले समय में कांग्रेस द्वारा बृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाए जाने की भी जानकारी दी, जो कि जल्द ही शुरू होगा।

साथ ही, शर्मा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों से प्रदेश में भाजपा का शासन है, लेकिन जबलपुर विकास की दौड़ में काफी पीछे रह गया है। उन्होंने कहा कि जनता अब इस बात को समझ रही है और कांग्रेस आने वाले समय में और मजबूत होगी।

इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि कांग्रेस अब भाजपा में गए नेताओं की वापसी को लेकर कोई नरमी नहीं बरतने वाली है।

Post a Comment

Previous Post Next Post