दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दीपावली के महापर्व से ठीक एक दिन पहले प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला का आज सुबह अचानक जबलपुर आगमन हुआ। उन्होंने विमानतल पर उतरने के बाद सीधे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राइट टाउन स्थित मुख्यालय केशव कुटी का दौरा किया।
हालांकि, उनके जबलपुर आगमन की जानकारी कल शाम को ही मिल गई थी, लेकिन स्थानीय कार्यक्रम न होने के कारण प्रशासन कुछ समय के लिए भ्रमित रहा। सुरक्षा और व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रशासन ने पूरी तैयारी की थी।
केशव कुटी में उप मुख्यमंत्री ने लगभग 30 मिनट का समय बिताया। इसके बाद वे राइट टाउन स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर गए और वहां कुछ समय तक रुके। जानकारी के अनुसार, उप मुख्यमंत्री अपने व्यक्तिगत कार्य के सिलसिले में जबलपुर आए थे और इसके बाद वे सड़क मार्ग से रीवा के लिए प्रस्थान कर गए।
Tags
jabalpur