MP News: राखड़ से भरा डंपर पलटा, बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा

दैनिक सांध्य बन्धु खंडवा। सुलगांव में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब एक राखड़ से भरा डंपर पलट गया। डंपर सिंगाजी थर्मल प्लांट से सनावद की ओर जा रहा था। हादसे के समय अचानक सामने आई एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में डंपर के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शी तकवीम मलिक ने बताया कि सुलगांव से गुजरने वाला हाईवे आगे जाकर मूंदी और पुनासा हाईवे को जोड़ता है, और इस रास्ते पर सिंगाजी प्लांट से आने वाले डंपरों का आवागमन अधिक होता है। दोपहर करीब 3 बजे जब डंपर मूंदी की ओर जा रहा था, तब यह सुलगांव में पलट गया। तेज रफ्तार में होने के कारण अचानक ब्रेक लगाने से संतुलन बिगड़ना स्वाभाविक था।

इस हादसे में एक बिजली का पोल भी डंपर की चपेट में आ गया, जो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि बिजली के तार सड़क किनारे गिर गए, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही बिजली कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

यह पहली बार नहीं है जब सुलगांव में इस तरह का हादसा हुआ है। सनावद-मूंदी हाईवे पर स्थित सुलगांव में पहले भी कई बार राखड़ के डंपर पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जनहानि भी हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार के कारण यह सड़क खतरनाक बन गई है, और ऐसे हादसे रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post