News Update: 40 कुंवारी लड़कियों को मिला प्रेग्नेंसी का मैसेज, सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

दैनिक सांध्य बन्धु वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 40 कुंवारी लड़कियों को गर्भवती दिखाने का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई शुरू हो गई है। मामले की जांच के बाद डीपीओ डी के सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री पर एक्शन लेते हुए एक माह का मानदेय रोक दिया और सख्त चेतावनी भी दी है।

डीपीओ ने लोकल 18 को जानकारी दी कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने वोटर आईडी से आधार जोड़ने के लिए लड़कियों का आधार कार्ड और फोन नंबर लिया था। लेकिन गलती से पोषण ट्रैकर पोर्टल पर उन्हें गर्भवती के रूप में दर्ज कर दिया गया। हालांकि जांच में यह भी पता चला कि किसी लड़की के नाम पर पोषण सामग्री नहीं उठाई गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि गड़बड़ी का उद्देश्य पोषण सामग्री हड़पना नहीं था।

मामला तब सामने आया जब मलहिया गांव की लड़कियों के घर पर बाल विकास मंत्रालय से एक मैसेज पहुंचा, जिसमें उन्हें पोषण योजनाओं का लाभ लेने का निर्देश दिया गया था। इस मैसेज में लड़कियों को ‘स्तनपान कराने वाली मां’ के रूप में संबोधित किया गया था, जिससे परिजनों को हैरानी हुई। इसके बाद सभी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमनलता से संपर्क किया, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया ने संदेह को और बढ़ा दिया।

संदेह के बाद परिजनों ने ग्राम प्रधान को इसकी सूचना दी। आरोप लगाया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने आधार जोड़ने के नाम पर इन लड़कियों का पंजीकरण गलत तरीके से किया। हालांकि, जांच में गड़बड़ी से पोषण सामग्री में हेराफेरी का मामला सामने नहीं आया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post