दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राज्य शासन के निर्देश पर जबलपुर के कलेक्टर दीपक सक्सेना ने जिले में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए विभिन्न स्तरों पर निगरानी समितियों का गठन किया है। इन समितियों का उद्देश्य पराली जलाने की रोकथाम के साथ किसानों को इसके वैकल्पिक उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
कलेक्टर सक्सेना की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति में 11 सदस्य शामिल किए गए हैं, जिसमें उप संचालक कृषि विकास को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति में अन्य कृषि, उद्योग, ऊर्जा, प्रदूषण नियंत्रण और पशुपालन से जुड़े अधिकारी भी शामिल किए गए हैं।
खंड स्तरीय समिति की अध्यक्षता संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करेंगे और इसमें नौ सदस्यों को नामित किया गया है। ग्राम स्तरीय समिति की अध्यक्षता पटवारी करेंगे, जिसमें कृषि विकास अधिकारी और पंचायत सचिव सदस्य होंगे।
जिला स्तरीय समिति पराली से रोजगार के अवसर स्थापित करने, जागरूकता फैलाने और वैकल्पिक उपयोग को बढ़ावा देने का कार्य करेगी। खंड और ग्राम स्तर की समितियां पराली जलाने के मामलों पर तत्काल कार्रवाई करेंगी और फसल कटाई के समय हार्वेस्टर में स्ट्रॉ-मैनेजमेंट सिस्टम की अनिवार्यता सुनिश्चित करेंगी।
कलेक्टर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि हार्वेस्टर में स्ट्रॉ-मैनेजमेंट सिस्टम नहीं लगा होगा या किसान द्वारा पराली जलाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों की अनुशंसा पर निर्धारित दंड लगाया जाएगा।
