News Update: ट्रम्प ने तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की जताई इच्छा, संविधान में बदलाव की रखी मांग

दैनिक सांध्य बन्धु वॉशिंगटन। अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की इच्छा जताई है। वाशिंगटन डीसी में एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि अगर उनकी इच्छा हो, तो वह राष्ट्रपति पद की दौड़ में एक बार फिर शामिल हो सकते हैं। हालांकि, तीसरी बार राष्ट्रपति बनने के लिए अमेरिकी संविधान में संशोधन करना होगा।

अमेरिका में वर्तमान नियम के अनुसार, एक व्यक्ति केवल दो बार ही राष्ट्रपति बन सकता है। अगर ट्रम्प तीसरी बार राष्ट्रपति बनने का प्रयास करते हैं, तो उन्हें संविधान में बदलाव के लिए सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में दो-तिहाई बहुमत से बिल पास कराना होगा। इसके बाद, इसे 50 में से 38 राज्यों से भी मंजूरी लेनी होगी।

1951 में अमेरिकी संविधान में 22वां संशोधन किया गया था, जिससे दो बार से अधिक राष्ट्रपति बनने पर रोक लग गई थी। इस प्रथा की शुरुआत अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन से हुई थी, जिन्होंने दो कार्यकाल के बाद पद छोड़ दिया था। हालांकि, फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट चार बार राष्ट्रपति चुने गए थे, जिसके बाद 22वां संशोधन लाकर इस पर रोक लगाई गई।

ट्रम्प के इस बयान पर रिपब्लिकन पार्टी के नेता टिम बर्चेट ने इसे मजाक करार दिया। उनका कहना है कि ट्रम्प वास्तव में तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की इच्छा नहीं रखते हैं।

राष्ट्रपति बनने पर ट्रम्प व्हाइट हाउस में रहेंगे, लेकिन उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प व्हाइट हाउस में नहीं रहेंगी। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, वे अधिकतर समय न्यूयॉर्क में अपने बेटे के साथ बिताने की योजना में हैं और फ्लोरिडा में भी समय बिताएंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post