दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के रज़ाचौक में प्रतिदिन लगने वाले जाम से परेशान जनता ने नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा और वैकल्पिक मार्ग के निर्माण की मांग की। रज़ाचौक से आनंद नगर चौराहे तक जाने वाली मुख्य सड़क बहोराबाग, रज़ाचौक होते हुए कंचनपुर तक जाती है। यहां आए दिन लगने वाले जाम से नागरिक कई वर्षों से परेशान हैं, लेकिन अभी तक कोई साइड रोड नहीं बनाई गई है जिससे लोग इस जाम से बच सकें।
आसिफ इकबाल ने बताया कि संजय गांधी वार्ड के अंतर्गत आने वाला एक नाला, जो मोहरिया से कंचनपुर तक जाता है, पहले ही बन चुका है। हालांकि, रज़ाचौक चौपाटी के सामने का 50 फुट का हिस्सा करीब 40 वर्षों से नहीं बनाया गया है। हाउसिंग बोर्ड के नक्शे के अनुसार यहां 20 फुट की रोड भी अंकित है, लेकिन कुछ स्थानीय लोग अतिक्रमण के प्रयासों से इस रास्ते को बंद रखने की कोशिश कर रहे हैं। ये लोग बीच रोड में खंबा, ट्रांसफार्मर, छोटे गार्डन या रैंप बनाने का प्रयास करते हैं ताकि सड़क चालू न हो सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नाले का यह 50 फुट का हिस्सा और 20 फुट की वैकल्पिक रोड बन जाए, तो प्रतिदिन लगने वाले जाम से सैकड़ों लोगों को राहत मिलेगी। ज्ञापन देने वालों में पार्षद अख्तर अंसारी, डॉक्टर निसार अंसारी, एडवोकेट सलीम खान, एडवोकेट मुब्बशिर चौधरी, एडवोकेट शेख सलामुद्दीन और अन्य स्थानीय लोग शामिल थे। जनता ने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द इस बहुप्रतीक्षित रोड और नाले का निर्माण पूरा किया जाए और मुख्य सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
