Jabalpur News: डिप्टी सीएम ने किसानों से की एनपीके का उपयोग करने की अपील, कहा- कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आज बुधवार को अल्प प्रवास में जबलपुर पहुंचे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे डीएपी की जगह एनपीके का उपयोग करें, क्योंकि एनपीके भी उतना ही प्रभावी है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास एनपीके की कोई कमी नहीं है और किसान इसे डबल लॉक केंद्रों से आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि डीएपी की कमी की समस्या पर सरकार समाधान करने में जुटी हुई है और जल्द ही खाद की आपूर्ति पूरी हो जाएगी।

राजेंद्र शुक्ला ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भी बयान दिया और कहा कि भाजपा का गठबंधन महाराष्ट्र में भारी बहुमत से सरकार बनाएगा, जैसा हरियाणा में हुआ था। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि कांग्रेस की आदत बन गई है आरोप लगाना, लेकिन अब जनता समझ चुकी है कि भाजपा की सफलता का कारण केवल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन है।

किसानों को डीएपी के साथ-साथ एनपीके का उपयोग करने की सलाह देते हुए शुक्ला ने कहा कि यह खाद फसलों के लिए अत्यंत लाभकारी है। एनपीके में नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटैशियम जैसे आवश्यक पोषक तत्व होते हैं, जो पौधों की वृद्धि और विकास में सहायक होते हैं।

शुक्ला ने यह भी बताया कि डीएपी खाद में नाइट्रोजन और फास्फोरस होते हैं, जबकि एनपीके में अतिरिक्त पोटैशियम होता है, जो फसलों को रोगों से बचाने और सूखा सहन करने में मदद करता है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post