दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग क्षेत्र में मादक पदार्थ के कारोबार पर कार्रवाई करने पहुंची सिविल लाइन थाना की पुलिस टीम से तीन आरोपियों ने धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सूचना मिली थी कि बेलबाग के खटीक मोहल्ला पानी की टंकी के पास राज सोनकर अवैध मादक पदार्थ का कारोबार चला रहा है और पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। इस जानकारी के बाद सिविल लाइन थाने की टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया। जब टीम मौके पर पहुंची, तो राज सोनकर और उसके दो भाई दीपू सोनकर और अनुराग सोनकर ने पुलिस से अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की और धमकी दी कि अगर पुलिस दोबारा यहां आई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
हंगामा बढ़ने पर बेलबाग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
Tags
jabalpur
