दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के शिव नगर में गत दिवस रात्रि एक युवक पर बदमाश ने गोली चला दी, जिससे युवक के पैर में चोट आई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय सूरज जोशी नामक युवक ने बताया कि वह रात करीब 10:33 बजे अपने काम से घर लौट रहा था, तभी विवेक पटेल नामक बदमाश ने उसका रास्ता रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच मारपीट हुई, और उसी दौरान आरोपी ने अपनी जेब से पिस्टल निकालकर सूरज पर गोली चला दी। गोली सूरज के पैर में लगी और आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूरज को विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
