दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में घर में घुसकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल घायल किया, बल्कि नगद रुपये भी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पंचायती कुआं, गोकलपुर निवासी लाखन सिंह यादव (50 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि गत दिवस रात्रि लगभग 10:05 बजे जब वह परिवार के साथ खाना खाकर सो रहे थे, तभी प्रवीण रजक, कृष्णा रजक, सेखू ठाकुर (सभी निवासी शोभापुर) और सान्टू यादव (निवासी गोकलपुर) घर में घुस आए। आरोपी प्रवीण रजक ने लोहे की रॉड से लाखन पर हमला कर उनके सिर और हाथ में गंभीर चोट पहुंचाई। बीच बचाव करने आए उनके बेटे अमन यादव पर भी आरोपियों ने लोहे की पाइपों से हमला किया, जिससे उसे पैर, पीठ और पसलियों में चोटें आईं।
इस दौरान प्रवीण रजक ने लाखन यादव की पैंट की जेब से 2 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 309 (6), 331 (8), 118(1), और 3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और नगर पुलिस अधीक्षक रांझी विवेक कुमार गौतम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
