Jabalpur News: जमीन खरीद के नाम पर 16.55 लाख की धोखाधड़ी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर में कलीम सिद्दीकी  ने 16.55 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता कलीम सिद्दीकी (39 वर्ष), निवासी मक्का नगर, हनुमानताल, ने बताया कि आरोपियों सलीम अहमद अंसारी और कदीर खान उर्फ कज्जू ने प्लॉट बेचने के नाम पर उससे पैसे लिए, लेकिन न तो जमीन का पजेशन दिया और न ही रजिस्ट्री कराई। वर्ष 2018 में कलीम की मुलाकात सलीम अहमद अंसारी से हुई थी, जिसने अमेखरा में अपनी जमीन बताकर कुछ प्लॉट दिखाए। कलीम ने 1002 वर्गफुट के एक प्लॉट का सौदा 500 रुपये प्रति वर्गफुट के हिसाब से तय किया। कदीर खान उर्फ कज्जू के माध्यम से प्लॉट की रजिस्ट्री की गई, जिसके लिए कलीम ने 5 लाख रुपये चेक द्वारा दिए। इसके बाद सलीम अहमद ने प्लॉट के बगल की जमीन का सौदा भी कर लिया और कलीम से 11 लाख रुपये ऑनलाइन और 55 हजार रुपये नगद लिए। 

लेकिन रजिस्ट्री और पजेशन देने में दोनों आरोपी टालमटोल करते रहे। 6 साल बीतने के बाद, कलीम को पता चला कि जिस प्लॉट की रजिस्ट्री की गई थी, वह मौजूद ही नहीं है। वहीं, दूसरी जमीन किसी अन्य व्यक्ति की निकली। जब कलीम ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।कलीम ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने अपनी जीवनभर की बचत और रिश्तेदारों से उधार लेकर 16.55 लाख रुपये दिए थे। पुलिस ने सलीम अहमद अंसारी और कदीर खान उर्फ कज्जू के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), 406 (आपराधिक विश्वासघात), और 34 (सामान्य आशय) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post