दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोसलपुर क्षेत्र में शराब दुकान का सेल्समैन 4 लाख 90 हजार रुपये की बिक्री की रकम लेकर फरार हो गया। इस घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। गोसलपुर निवासी अरविंद कुमार सिंह उर्फ अर्जुन सिंह (35 वर्ष), जो शराब दुकान में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2024 में दिनेश सिंह की सिफारिश पर अमरदीप कुमार (38 वर्ष), निवासी सरोज नगर, चंदवा, झारखंड को गोसलपुर-खजरी स्थित शराब दुकान में सेल्समैन के पद पर रखा गया था। गत दिवस सुबह करीब 11 बजे अमरदीप, बिक्री की पूरी रकम 4 लाख 90 हजार रुपये लेकर ऑफिस के लिए निकला, लेकिन एक घंटे बाद भी ऑफिस नहीं पहुंचा। अरविंद ने उसे फोन किया तो उसका मोबाइल बंद था। इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। गोसलपुर पुलिस ने आरोपी अमरदीप कुमार के खिलाफ धारा 316 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
