MP News: नूरी खान बनीं मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल।
मध्य प्रदेश की राजनीति में चर्चित चेहरा नूरी खान को महिला कांग्रेस का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने की है। इसके साथ ही नूरी खान को सदस्यता अभियान का प्रभारी भी बनाया गया है। कुछ समय से नूरी खान पार्टी से नाराज चल रही थीं। उन्होंने राहुल गांधी के उज्जैन दौरे से पहले अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पद न मिलने पर उन्होंने कांग्रेस से दूरी बना ली थी। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद माना जा रहा है कि पार्टी ने उनकी नाराजगी दूर करने की पहल की है।

नूरी खान पिछले 25 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा छात्र राजनीति से शुरू की थी और उज्जैन जिले की एनएसयूआई अध्यक्ष का पद संभाला। इसके बाद वह कांग्रेस के कई अहम पदों पर कार्य कर चुकी हैं। महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर नूरी खान का मुख्य कार्य संगठन को मजबूत करना और महिला सदस्यता अभियान को गति देना होगा। नूरी खान की नियुक्ति कांग्रेस के लिए अहम मानी जा रही है। महिला मतदाताओं को जोड़ने और संगठन को नई ऊर्जा देने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। इस नियुक्ति को पार्टी के महिला मोर्चे को मजबूत करने के कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post